
उदित वाणी, जमशेदपुर: सोमवार की शाम आदित्यपुर-सरायकेला मुख्य मार्ग पर कालियाडूंगरी के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अज्ञात बाइक सवार ने साइकिल से जा रहे दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अधेड़ उम्र के काठिया प्रधान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे दंपती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर एनआईटी के समीप बारुघुटु के रहने वाले काठिया प्रधान अपनी पत्नी के साथ साइकिल से सरायकेला जा रहे थे। मृतक के भतीजे ने बताया कि काठिया प्रधान आदित्यपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। सोमवार को वे एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, तभी कालियाडूंगरी के पास अज्ञात बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
एमजीएम अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों साइकिल सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने काठिया प्रधान को मृत घोषित कर दिया। सिर में आई गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौत का मुख्य कारण बताया जा रहा है। उनकी पत्नी का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतक का कोई संतान नहीं, अज्ञात बाइक सवार की तलाश जारी
बताया जाता है कि मृतक काठिया प्रधान की कोई संतान नहीं है। इस दुखद घटना के बाद बारुघुटु इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और घटना को अंजाम देकर फरार होने वाले अज्ञात बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

