
उदित वाणी, रांची : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य मिलन समारोह में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस नेत्री और फुसरो नगर परिषद की वार्ड पार्षद रश्मि सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है.
प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने रश्मि सिंह और उनके समर्थकों को पार्टी का पट्टा पहनाकर विधिवत स्वागत किया. समारोह के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों ने मिस कॉल के माध्यम से भाजपा की ऑनलाइन सदस्यता भी ग्रहण की. इस कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाईक, बोकारो जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज और अर्चना सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे.
नारी शक्ति और सशक्तिकरण पर भाजपा का जोर
संबोधन के दौरान आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा सदैव महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारदर्शी और जनकल्याणकारी शासन स्थापित हुआ है, जिससे प्रभावित होकर लोग तेजी से पार्टी से जुड़ रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि आज महिलाएं देश के विकास की अग्रणी शक्ति बनकर उभर रही हैं और पार्टी उन्हें नेतृत्व के बराबर अवसर दे रही है.
संगठन को मिलेगी जमीनी मजबूती
साहू ने विश्वास जताया कि रश्मि सिंह के आने से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा की नीतियों के प्रति लगातार बढ़ रहा है.
पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरे
रश्मि सिंह के साथ भाजपा का दामन थामने वालों में मुख्य रूप से विनय सिंह, अनिल सिंह, विजेंद्र कुमार, उर्मिला देवी, शोभा सिंह, सीमा सिंह, निधि सिंह, राजीव रंजन, विक्रम कुमार, श्वेता सिंह और सैकड़ों अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं.

