
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहरनगर निवासी मो. इनतख्वाब आलम ने अपने ही घर में हुई कथित चोरी के मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित ने अपनी पत्नी शमा परवीन और उसके मित्र, शंकोसाई निवासी अभिजीत पर घर की अलमारी से करीब दो लाख रुपये गायब करने का आरोप लगाया है.
इनतख्वाब आलम पेशे से चालक हैं और काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहते हैं. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें उनके बेटे रेहान ने दी, जिसने घर में रखे पैसे अचानक गायब होने की बात कही. पीड़ित का दावा है कि उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर उनकी पत्नी और उसके दोस्त ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया.
पीड़ित ने पहले मानगो थाना में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन वहां उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई. पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की मांग की है.
इस मामले ने पारिवारिक रिश्तों में अविश्वास और घरेलू विवादों की गंभीरता को उजागर किया है.

