
उदित वाणी , जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई आई ए एस अधिकारियों का तबादला किया है। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम के नए उपायुक्त के रूप में राजीव रंजन की नियुक्ति की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी का स्थानांतरण कर दिया गया है और उनकी जगह राजीव रंजन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे कैबिनेट सचिवालय एवं निगरानी विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थे।
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल में कई जिलों के उपायुक्तों को भी बदला गया है। लातेहार, गढ़वा, गुमला, पाकुड़, गोड्डा समेत कई जिलों में नए डीसी की नियुक्ति की गई है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस तरह के व्यापक तबादलों का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाना और विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति देना है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब राजीव रंजन के सामने जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में विकास, कानून-व्यवस्था और जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बड़ी चुनौती होगी।

