
उदित वाणी, धनबाद: कोयलांचल धनबाद में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने तांडव मचाया है. ताजा घटना में मेयर संजीव सिंह के करीबी समर्थक और जनता मजदूर संघ के प्रतिनिधि शुभम यादव को अपराधियों ने उनके घर में घुसकर गोली मार दी. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, लगीं 3 गोलियां
घटना सोनारडीह ओपी क्षेत्र स्थित शुभम यादव के घर की है. बताया जा रहा है कि अपराधी घर में दाखिल हुए और शुभम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस हमले में शुभम यादव को तीन गोलियां लगी हैं. घटना के वक्त शुभम अपने दादा-दादी के साथ घर में मौजूद थे. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
अशर्फी अस्पताल में भर्ती, मेयर संजीव सिंह पहुंचे
गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और लहूलुहान शुभम को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए. स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और शुभम का हालचाल जाना. इस हमले के बाद मेयर समर्थकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
बाघमारा डीएसपी और पुलिस टीम जांच में जुटी
वारदात की जानकारी मिलते ही सोनारडीह ओपी पुलिस और धनबाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह स्वयं जांच के लिए मौके पर पहुंचे हैं. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.

