
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के उपचुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए. ईआरसी डिवीजन की एक सीट पर सुनील प्रसाद ने भारी मतों से जीत हासिल की. वहीं यूनियन के दो महत्वपूर्ण पदों पर भी पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया. उपचुनाव में ईआरसी की सीट के लिए हुए मतदान में सुनील प्रसाद को 56 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी समरेश कुमार को 44 वोट प्राप्त हुए. तीसरे स्थान पर विश्वनाथ घोष रहे, जिन्हें 33 मत मिले. कुल 133 वोट डाले गए. एक्सल डिवीजन की दो सीटों पर पहले ही दो उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं. इनमें क्षेत्र संख्या 4 से रविंद्र कुमार तथा क्षेत्र संख्या 5 से विजय कुमार सिंह निर्वाचित हुए हैं.
पदाधिकारियों का मनोनयन
उपचुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद यूनियन की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने की. बैठक में महामंत्री आरके सिंह के प्रस्ताव पर विनोद कुमार उपाध्याय को उपाध्यक्ष तथा संजीव रंजन को सहायक सचिव पद पर मनोनीत किया गया. बैठक में तीनों नवनिर्वाचित कमेटी सदस्यों तथा दो मनोनीत पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया.
बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
बैठक में यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, सलाहकार प्रवीण सिंह, चुनाव पर्यवेक्षक ई. सतीश कुमार, एचएस सैनी, चुनाव पदाधिकारी चिदानंद खंडई, बीके शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा समेत अनेक पदाधिकारी और कमेटी सदस्य मौजूद रहे. बैठक का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एचएस सैनी ने किया. मतदान एवं मतगणना का पूरा कार्यक्रम चुनाव पदाधिकारी चिदानंद खंडई तथा चुनाव पर्यवेक्षक ई. सतीश कुमार की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. वोटों की गिनती शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे शुरू हुई और उसके बाद परिणाम घोषित किए गए. यह उपचुनाव टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

