
उदित वाणी,जमशेदपुर : झारखंड में बिजली की दरों में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी और प्रीपेड मीटर लगाने के फैसले के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्णा प्रधान के नेतृत्व में आज आकाशवाणी चौक पर भाजपायियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अभय सिंह की चेतावनी: कार्यशैली नहीं बदली तो होगी तालाबंदी
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला भाजपा संगठन प्रभारी सह वरीय नेता अभय सिंह ने कहा कि 2024 के बाद 2026 में बिजली दरों में फिर से वृद्धि करना आम जनता के साथ क्रूर मजाक है। उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि अगर बिजली विभाग ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया, तो आने वाले समय में विभाग के कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। वक्ताओं ने अधिकारियों पर तार और खंभा बदलने के नाम पर अवैध वसूली का भी गंभीर आरोप लगाया।
महापौर और पूर्व उप महापौर ने सरकार की नीतियों की निंदा की
इस विरोध प्रदर्शन में आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार और पूर्व उप महापौर अमित सिंह बॉबी ने भी हिस्सा लिया और सरकार की जनविरोधी नीतियों की कड़ी निंदा की। भाजपायियों ने माँग की कि बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लिया जाए और प्रीपेड मीटर की योजना को बंद किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग बड़े बकायेदारों को संरक्षण दे रहा है, जबकि मामूली बकाये पर गरीबों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
जुलूस की शक्ल में बिजली ऑफिस पहुँचे कार्यकर्ता
आकाशवाणी चौक पर प्रदर्शन के बाद सभी कार्यकर्ता जुलूस के रूप में आदित्यपुर थाना के पीछे स्थित बिजली विभाग के कार्यालय परिसर पहुँचे और वहाँ भी विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर आदित्यपुर मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी, आरआईटी मंडल अध्यक्ष अभिषेक विशाल, अमितेश अमर, ललन शुक्ला, सतीश शर्मा, बीरेंद्र सिंह, भोगेन्द्र नाथ झा, विशु महतो, अनिल मिश्रा, अशोक सिंह, ऋतिका मुखी, सारथी महतो, अनिशा सिन्हा, सुनीता पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

