
उदित वाणी, आदित्यपुर: मांझी टोला बस्ती स्थित एकता कॉलोनी में एक बार फिर अपराधियों ने सूने घर का फायदा उठाकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। यह घटना बप्पी बेहरा उर्फ लालू बेहरा के घर में विगत 14 अप्रैल की रात को घटित हुई। चोरी के समय श्री बेहरा अपने परिवार के साथ श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए ससुराल गए हुए थे, जिसका लाभ उठाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया।
साढ़े तीन लाख के सामान पर चोरों ने किया हाथ साफ
गृहस्वामी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर से एक बाइक (संख्या JH05AM/7595), एलईडी टीवी और भारी मात्रा में कीमती गहने चोरी कर लिए हैं। चोरी गए आभूषणों में सोने के तीन मंगलसूत्र, सोने की एक अंगूठी, कान की ईयर रिंग और चांदी की एक चेन शामिल है। कुल चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपए बताई जा रही है।
आदित्यपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज, अनुसंधान शुरू
घटना की जानकारी मिलने के बाद बप्पी बेहरा द्वारा आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आदित्यपुर थाना कांड सं.-108/26, दिनांक 16.04.2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की एक विशेष टीम मामले के अनुसंधान में जुट गई है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।
