
उदित वाणी जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम में पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर 16 अप्रैल को सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान कमलपुर थाना क्षेत्र के गोलकाटा और बोड़ाम थाना अंतर्गत डूंगरीडीह व दामोदरपुर में कुल चार चुलाई शराब की भट्टियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। टीम ने मौके पर करीब 800 किलो जावा महुआ नष्ट किया, जबकि 35 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त की गई।
छापामारी की भनक लगते ही संचालक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। सभी आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव को देखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अवैध शराब पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

