
उदित वाणी, जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय में गुरुवार को पदाधिकारी की अध्यक्षता में कनीय अभियंताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 13 अप्रैल 2026 को हुई पहली बोर्ड बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षदों द्वारा प्रस्तावित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सभी अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे संबंधित योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर शीघ्र प्राक्कलन (एस्टिमेट) तैयार करें, ताकि विकास कार्यों को गति दी जा सके।
नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। इसके तहत सभी स्ट्रीट लाइटों की नंबरिंग करने, खराब लाइटों का सर्वे कर उनकी सूची तैयार करने और मरम्मत की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
इसके अलावा क्षेत्र के सभी चापाकलों की नंबरिंग कर उनकी वर्तमान स्थिति का आकलन करने और विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया गया है। अभियंताओं को यह रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में जमा करने को कहा गया है।
प्रशासन का कहना है कि सर्वे और प्राक्कलन के आधार पर विकास योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर और सुचारू बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

