
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र स्थित नीलडीह ग्वाला बस्ती में चोरी की एक बड़ी घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों की चोरी कर ली। वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने अवधेश कुमार के घर को बेहद सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया। घर में प्रवेश करने के बाद उन्होंने एक-दो नहीं बल्कि छह दरवाजों के ताले तोड़ डाले और अंदर रखी छह अलमारियों को पूरी तरह खंगाल दिया। अलमारियों में रखे कीमती जेवरात लेकर चोर फरार हो गए।
पीड़ित अवधेश कुमार ने बताया कि उनका परिवार पिछले पांच दिनों से नामदा बस्ती स्थित दूसरे आवास पर एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। इसी दौरान घर खाली पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इस बड़ी घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

