उदित वाणी , जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में चर्चित मेहंदी कुमारी केस में पुलिस दबाव और लगातार छापेमारी के बीच दूसरा आरोपी सन्नी मिश्रा उर्फ समीर ने आखिरकार कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के सरेंडर के बाद मामले की जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बताया जाता है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सख्ती और बढ़ते दबाव के चलते उसने न्यायालय की शरण लेना ही बेहतर समझा। सरेंडर के बाद कोर्ट ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब उसे जेल भेज दिया गया है, जहां उससे आगे की पूछताछ की प्रक्रिया जारी रहेगी।
इस मामले में पहले ही एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है, जबकि दूसरे आरोपी के सरेंडर से केस की कड़ियां और स्पष्ट होने की संभावना है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना की पूरी साजिश और पृष्ठभूमि सामने आ सकती है।
इधर, पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के सरेंडर को न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही पूरे केस का खुलासा किया जाएगा।


