
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर–बादामपहाड़ रेलखंड पर स्थित गुरूमहिसानी स्टेशन के पास देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मेमू ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस वक्त हुई जब ट्रेन टाटानगर की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि अंधेरे और सुनसान माहौल के बीच अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने रेल लाइन पर घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए जख्मी अधेड़ को उठाकर रायरंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
इधर, टाटानगर आरपीएफ भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अधिकारी घायल व्यक्ति के होश में आने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह हादसे का शिकार कैसे हुआ—यह दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल, पुलिस और आरपीएफ दोनों ही मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

