
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छायानगर में सन्नी पुष्टि की मौत के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं. गुरुवार को आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने डीसी ऑफिस के बाहर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को तैनात करना पड़ा.
परिजनों का आरोप है कि घटना में शामिल आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से उनका गुस्सा बढ़ता जा रहा है. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा. उनकी मुख्य मांगों में सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था शामिल है.
इस बीच मामले ने उस वक्त और गंभीर मोड़ ले लिया, जब परिजनों ने टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पर भी गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि पैसों की कमी के कारण इलाज बीच में रोक दिया गया, जिससे सन्नी की मौत हो गई. हालांकि इस आरोप की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इस दावे ने लोगों के आक्रोश को और भड़का दिया है.
मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हैं और स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है. प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं परिवार ने साफ कर दिया है कि न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा.

