
उदित वाणी, चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में अवैध बालू डंपिंग यार्ड की आड़ में संचालित मिनी अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का उत्पाद विभाग ने भंडाफोड़ किया है. यह कार्रवाई सोमवार तड़के विशेष छापामारी अभियान के तहत की गई. जिला उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक क्षितिज मिंज के नेतृत्व में 06 अप्रैल 2026 को सुबह 2:30 बजे से 7:00 बजे तक अभियान चलाया गया.
छापेमारी के दौरान टीन शेड के भीतर अवैध रूप से भंडारित पंजाब निर्मित विभिन्न ब्रांड की शराब जब्त की गई. इसमें मैकडॉवेल नं.1, आफ्टर डार्क और इंपीरियल ब्लू की 750 एमएल की 900 बोतल, 375 एमएल की 1800 बोतल तथा 180 एमएल की 2448 बोतल शामिल हैं. जब्त शराब की कुल मात्रा 1790.64 लीटर आंकी गई है. इसके अलावा 30 खाली ड्रम और प्लास्टिक जार भी बरामद किए गए.
छापेमारी में पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला उत्पाद विभाग के अधिकारी, चौका थाना प्रभारी सहित पुलिस बल शामिल थे. हालांकि कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि छापेमारी के समय वह मौजूद था, लेकिन पुलिस की पकड़ से बच निकला. स्थानीय लोगों ने इस पर सवाल उठाते हुए प्रशासनिक मिलीभगत की आशंका जताई है. ग्रामीणों का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर अवैध कारोबार बिना संरक्षण के संभव नहीं है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी में जुटी है.

