उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में दहशत फैलाने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने प्रेस वार्ता में बताया कि 1 अप्रैल की रात करीब 10:15 बजे सूचना मिली थी कि गंगौर स्वीट्स के सामने शेख सारिक इमाम उर्फ आयान अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है. जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो उसने लोगों को डराने के लिए देशी कट्टा लहराया और अपने साथी सलमान के साथ बाइक से फरार हो गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए आजादनगर थाना में तुरंत मामला दर्ज किया गया. एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा बच्चनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया. 2 अप्रैल की शाम गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी शहर छोड़ने की फिराक में हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस ने ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-15 (कपाली लिंक रोड) के पास घेराबंदी कर दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी शेख सारिक इमाम के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जबकि उसके साथी सलमान के पास से 8 एमएम की एक जिंदा गोली मिली.
पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया है. पूछताछ में यह भी सामने आया कि शेख सारिक का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है. इसी वर्ष जनवरी में भी उसके खिलाफ मारपीट और साजिश का केस दर्ज हुआ था.
इस सफल कार्रवाई में डीएसपी बच्चनदेव कुजूर, थाना प्रभारी चंदन कुमार सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.


