
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड के खेल जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. झारखंड महिला थ्रोबॉल टीम की होनहार खिलाड़ी एवं कप्तान मिलिता टुडू का शुक्रवार को उनके निवास स्थान पर असामयिक निधन हो गया. वह मात्र 16 वर्ष की थीं.
मिलिता वर्तमान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, धालभूमगढ़ की छात्रा थीं. कम उम्र में ही उन्होंने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और सशक्त नेतृत्व क्षमता के दम पर राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी. उनके असमय निधन से पूरे खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.
जानकारी के अनुसार, मिलिता दसवीं की परीक्षा देने के बाद छुट्टी बिताने अपने घर गई थीं. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई -छाती में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. झारखंड थ्रोबॉल संघ की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी से जुड़े शिक्षक राजेश कुमार ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक व्यक्त किया. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की. खेल प्रेमियों, साथियों और स्थानीय लोगों ने मिलिता टुडू के निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया है.

