
उदित वाणी,जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है, जिसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जोन नंबर 4, रोड नंबर 4 में बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी महिला को अपना शिकार बना लिया और देखते ही देखते गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बिरसानगर निवासी रजनी उपाध्याय बुधवार रात करीब 11:40 बजे अपने घर के दरवाजे के पास खड़ी थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और बिना किसी बातचीत के सीधे उनके गले पर झपट्टा मारते हुए चेन छीन ली। वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद पीड़िता ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जुटे, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुका था। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मामले की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस हरकत में आई और पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान करने का प्रयास जारी है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

