
जमशेदपुर : टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए एर्नाकुलम जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में ट्रेन के बेडरोल कर्मचारी रहे झारग्राम निवासी देबू दत्ता को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई है और कोर्ट के निर्देश पर आगे की कार्रवाई के लिए साथ ले गई है।
दरअसल, 26 नवंबर 2025 को एर्नाकुलम रेल पुलिस को ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर की गई छापेमारी में तीन तस्करों को पकड़ा गया था, जिनमें झारग्राम के सुखलाल टुड्डू भी शामिल था। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 59 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ था।
पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि इस पूरे रैकेट में बेडरोल कर्मचारी देबू दत्ता की भी अहम भूमिका थी। इसके बाद एर्नाकुलम जीआरपी के एसएचओ बिजॉय कुमार के नेतृत्व में टीम ने झारग्राम में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित कड़ियों की तलाश में जुटी हुई है।

