
उदित वाणी,जमशेदपुर: असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बीच देर रात तक बात नहीं बनी थी. इसके बाद पार्टी की ओर से असम विधानसभा चुनाव में अपने दम पर 19 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का फैसला लिया गया है.
वहीं झामुमो द्वारा एक सीट पर भाकपा माले को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है. जबकि जानकारी के मुताबिक झामुमो को केन्द्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा भी पार्टी का सिम्बॉल तीर धनुष आवंटित कर दिया गया है.
ज्ञात हो कि असम विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन दाखिल करने की सोमवार को अंतिम दिन है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन के साथ दिल्ली गए हैं. हालांकि असम चुनाव को लेकर उनकी कांग्रेस से बातचीत में क्या प्रगति हुई. इसको लेकर देर रात तक स्पष्ट नहीं किया गया है.
परंतु बताया गया कि कांग्रेस द्वारा झामुमो को असम विधानसभा की पांच सीटें देने की पेशकश की गई है. परंतु झामुमो की ओर से 8-9 सीटें देने अथवा पांच के अलावा तीन सीटों पर दोस्ताना संघर्ष की बात की गई है. परंतु कांग्रेस पार्टी के साथ इसको लेकर देर रात तक सहमति नहीं बन पायी.
इसके बाद पार्टी द्वारा असम में अकेले दम पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया. इधर झामुमो के केन्द्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय को पार्टी सिम्बॉल लेकर असम भेजा गया है और बताया गया कि विनोद पांडेय सोमवार को पार्टी सिम्बॉल के साथ पार्टी प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल करायेंगे.

