उदित वाणी, जमशेदपुर: साकची बाजार क्षेत्र में इन दिनों मटका लॉटरी का अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। मुर्गा लाइन स्थित शराब दुकान के पास की गली में दिन के उजाले में ही सट्टेबाजी का यह खेल जारी है, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी मेहनत की कमाई दांव पर लगा रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो इस पूरे नेटवर्क के संचालन में कमल पासवान नामक व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि यह इलाका साकची थाना से महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है, इसके बावजूद इस अवैध गतिविधि पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
स्थिति को और गंभीर बनाता है यहां लगने वाला नशेड़ियों का जमावड़ा। रोजाना नशे की हालत में लोग वहीं बैठकर सट्टा खेलते देखे जा रहे हैं, जिससे आसपास का माहौल भी असुरक्षित होता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इस बाजार में इस तरह की गतिविधियां कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। उनका स्पष्ट कहना है कि यदि समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाई गई, तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।


