उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की जुगसलाई शाखा को लेकर खड़ा हुआ बवाल और ज्यादा बढ़ गया है. जिला इकाई के दिशा निर्देशों का उल्लंघन करते हुए पहले जुगसलाई शाखा में अध्यक्ष का मनोनयन हुआ और इस चयन को जब जिला इकाई की ओर से अवैध घोषित कर खारिज किया गया तथा नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए एडहॉक (तदर्थ) समिति की घोषणा की गई तो इसके बाद जुगसलाई शाखा के अध्यक्ष ने एक कदम आगे बढक़र अपनी कमिटी की घोषणा कर दी है.दरअसल सारा विवाद जुगसलाई शाखा में तब खड़ा हुआ.
इसके बाद अध्यक्ष का पद खाली पड़ा रहा था. छह माह में चुनाव नहीं होने पर जुगसलाई शाखा कार्यकारिणी को स्वत: भंग हो गयी.लेकिन इसके बाद जो ट्विस्ट आया उसने जिला इकाई को हैरान कर दिया.
होली मिलन का कार्यक्रम चुनाव
इस बार फरवरी में जुगसलाई शाखा की ओर से होली मिलन का कार्यक्रम रखा गया था और इसी कार्यक्रम में अध्यक्ष के पद पर दिलीप कांवटिया का चुनाव हुआ.
शाखा के सदस्य रामजीलाल शर्मा, विश्वनाथ शर्मा, श्रवण देवका और दिलीप गोयल ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष चयन को लेकर हुई बैठक की सूचना उन्हें नहीं दी गई. इसके बाद जुगसलाई शाखा अध्यक्ष की असंवैधानिक नियुक्ति को जिला कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से रद्द कर दिया. जुगसलाई शाखा के संचालन के लिए दो सदस्यीय एड-हॉक कमेटी का गठन किया गया. इसमें रामजीलाल शर्मा और दिलीप गोयल को शामिल किया गया है.कमेटी पर नए चुनाव होने तक शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गयी. जिला सम्मेलन की ओर से दोनों सदस्यों को आधिकारिक पत्र जारी कर उन्हें चुनाव संपन्न कराने हेतु अधिकृत किया गया. कमेटी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे तीन माह की समयसीमा के भीतर पूरी चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराएं.
प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के नियमों का होगा पालन
गठित कमेटी को निर्देशित किया गया है कि चुनाव प्रक्रिया झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संविधान की धारा 4.6 के प्रावधानों के अनुरूप होनी चाहिए. जिला पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि नामित सदस्य निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराएंगे, जिससे संगठन और अधिक सुदृढ़ एवं संगठित बनेगा.
दिलीप कावंटिया ने घोषित की कार्यकारिणी
उधर, खुद को जुगसलाई शाखा का अध्यक्ष घोषित कर चुके दिलीप कांवटिया ने सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं भी दी हैं. घोषित कार्यकारिणी में महासचिव के रूप में पीयूष गोयल (सीए), कोषाध्यक्ष संतोष छापोलिया, उपाध्यक्ष संजय कसेरा और उमेश खिरवाल, सह-सचिव अशोक सारस्वत और संजय शर्मा शामिल हैं. निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश शर्मा (लिप्पू) रहेंगे, जबकि कार्य समिति में मनोज शर्मा, पवन नरेड़ी, दीपक बिदासरिया, ललित मित्तल, हेमन्त अग्रवाल गुप्ता, किशन भारद्वाज, दिलीप शर्मा और अश्विनी कुमार अग्रवाल को शामिल किया गया है. महिला समिति में संगीता मित्तल (अनु), भावना अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, बिंदिया गढ़वाल, सपना भाऊका और नेहा चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है. दिलीप कांवटिया ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना, सेवा कार्यों को बढ़ावा देना और युवा व महिला सहभागिता को सशक्त करना है.


