
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास छापेमारी कर पुलिस ने 26 किलो गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीतारामडेरा बस स्टैंड के आसपास कुछ लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी करते हुए छापेमारी की। इस दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 26 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्करों की पहचान विश्वजीत विश्वास और मो. ताबीज के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लेकर आए थे और इसे बिहार तथा पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने की योजना थी।
इस मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने प्रेस वार्ता में बताया कि बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तस्करी के पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उड़ीसा के किस इलाके से लाया गया था और इसे किन-किन स्थानों पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

