
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदादा स्थित पोटका मोड़ के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी और चालक को पकड़कर रस्सी से बांध दिया। घटना के बाद इलाके में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना शनिवार शाम करीब 7:30 बजे हुई। एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्गा हेम्ब्रम (15) और मार्शल सोरेन (14) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों सुंदरनगर क्षेत्र के केड़ो गांव के निवासी थे और सिदो-कान्हू स्कूल के छात्र बताए जाते हैं।
परिजनों ने बताया कि दोनों आपस में गहरे मित्र थे। शनिवार को स्कूल में परीक्षा देने के बाद वे दुर्गा के मामा की बाइक लेकर कालियाबेड़ा बाजार कपड़े खरीदने गए थे। बाजार से लौटते समय पोटका मोड़ के पास एफसीआई का अनाज खाली कर लौट रहे ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और ट्रक के सामने ही रस्सी से बांध दिया। सूचना मिलते ही सुंदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से मना कर दिया। उनकी मांग थी कि वाहन मालिक को मौके पर बुलाकर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
रातभर सड़क पर शव पड़े रहने से माहौल तनावपूर्ण बना रहा। रविवार सुबह पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर चालक को मुक्त कराया, लेकिन खबर लिखे जाने तक मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण सड़क जाम किए हुए थे। वहीं, हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

