
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नीलडीह ब्रिज के पास रविवार दोपहर एक युवक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। नामदा बस्ती निवासी चिराग सिंह पर करीब 15 से 20 लोगों के समूह ने चापड़, लाठी और डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
परिजनों के अनुसार चिराग सिंह चेचिस चलाने का काम करता है। रविवार को वह एक चेचिस लेकर बाहर जाने वाला था। इसी सिलसिले में वह पहले एक गेस्ट हाउस गया था, जहां से उसने वाहन से संबंधित कागजात और 25 हजार रुपये नकद लिए थे। बताया जाता है कि वह गेस्ट हाउस से लौटकर अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान नीलडीह ब्रिज के पास पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और अचानक हमला कर दिया।
चिराग की बुआ सोनिया ने बताया कि हमलावरों में बस्ती के ही देवा, राजू, गब्बर और जसप्रति समेत कई अन्य लोग शामिल थे। सभी ने मिलकर चिराग पर चापड़ और लाठी-डंडों से हमला किया। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उसके पास मौजूद 25 हजार रुपये भी छीन लिए।
सोनिया ने यह भी बताया कि शनिवार रात को भी आरोपियों ने चिराग के साथ मारपीट की थी, लेकिन उस समय थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद को लेकर रविवार को दोबारा हमला किया गया।
फिलहाल घायल युवक का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

