
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा डिवीजन में रेल लाइन के रखरखाव और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 17 से 20 मार्च के बीच पावर ब्लॉक लिया गया है। इस तकनीकी कार्य के कारण टाटानगर और आसपास के स्टेशनों से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। रेलवे प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है और कुछ को बीच रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार 17 और 20 मार्च को 13511/13512 टाटा–आसनसोल–टाटा एक्सप्रेस का परिचालन पूरी तरह रद्द रहेगा। इसके अलावा 68023/68024 झाड़ग्राम–पुरुलिया–झाड़ग्राम मेमू भी इन दोनों दिनों में नहीं चलेगी। ब्लॉक के कारण रेलवे ने दो अन्य जोड़ी ट्रेनों को भी रद्द करने का निर्णय लिया है।
वहीं 68055/68056 टाटा–आसनसोल मेमू को इन दोनों तिथियों पर अपने अंतिम गंतव्य तक नहीं चलाया जाएगा। यह ट्रेन आद्रा स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट कर दी जाएगी, यानी इसकी यात्रा वहीं समाप्त हो जाएगी। इसके साथ ही 18061 टाटा–हटिया एक्सप्रेस को 17 और 20 मार्च को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग की बजाय चांडिल–गुंडा बिहार–मुरी होकर चलेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

