
उदित वाणी जमशेदपुर: Loyola School Jamshedpur में नए शैक्षणिक सत्र से पूर्व 12 और 13 मार्च 2026 को शिक्षकों के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को आगामी शैक्षणिक वर्ष के लिए नई सोच, दृष्टिकोण और शिक्षण रणनीतियों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के पहले सत्र में स्कूल के रेक्टर Fr Michael Thanaraj SJ ने Appreciative Inquiry विषय पर कार्यशाला आयोजित की। इस कार्यशाला के माध्यम से शिक्षकों को नई सोच विकसित करने और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। इसमें इस बात पर जोर दिया गया कि शिक्षा में सकारात्मक पहलुओं को पहचानकर उन्हें और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है।
दूसरे सत्र में Muralidhar Koteshwar ने “AI Integration in Curriculum” विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के वर्तमान स्वरूप, इसके कार्य करने के तरीके, शिक्षा के क्षेत्र में इसकी संभावनाओं और कक्षा में इसके उपयोग से जुड़े अवसरों एवं जोखिमों पर प्रकाश डाला। साथ ही शिक्षकों को एआई से जुड़े व्यावहारिक टूल्स, रणनीतियों, नैतिकता और नीतियों के बारे में भी जानकारी दी।
दोनों सत्रों को शिक्षकों ने काफी सराहा। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लिया और यह विचार किया कि सीखी गई नई जानकारियों को कक्षा में किस प्रकार प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है।

