
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में तेज रफ्तार का खतरनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया है। शनिवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित स्टार टॉकीज कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खेल रहे तीन साल के मासूम को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गति से आ रही कार अचानक बच्चे के ऊपर चढ़ गई। हादसा इतना भयावह था कि कार का आगे और पीछे दोनों पहिया बच्चे के शरीर के ऊपर से गुजर गया। दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत बच्चे को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल ले गए।

घायल बच्चे की पहचान तीन वर्षीय आयुष के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल आयुष को तत्काल जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही बर्मामाइंस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में तेज गति से वाहन चलाना लगातार हादसों को न्योता दे रहा है, जिस पर समय रहते कड़ी कार्रवाई जरूरी है।

