
उदित वाणी, जमशेदपुर : तुपुदांग क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे में कार्यरत मजदूरों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं HIV जांच शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर विश्व जन सेवा ट्रस्ट एवं Plan India के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ.
शिविर का मुख्य उद्देश्य श्रमिक वर्ग के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को समझाना तथा HIV जैसी गंभीर बीमारी की समय रहते पहचान कर उचित परामर्श और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था.
बड़ी संख्या में मजदूरों ने कराई स्वास्थ्य जांच
शिविर में ईंट भट्ठे में कार्यरत मजदूरों और उनके परिवार के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. इस दौरान सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ HIV की जांच भी की गई. सभी जांचें पूर्ण गोपनीयता और चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप की गईं, ताकि प्रतिभागियों को सुरक्षित और भरोसेमंद सेवाएं मिल सकें.

HIV से बचाव और स्वच्छता पर दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को HIV/AIDS से बचाव, सुरक्षित जीवनशैली, स्वच्छता, पोषण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. साथ ही HIV जांच से जुड़े भ्रमों को दूर करने के लिए जागरूकता परामर्श सत्र भी आयोजित किया गया. प्रतिभागियों को बताया गया कि समय पर जांच और उपचार से कई गंभीर बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है.
चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह
इस अवसर पर Dr Manish Jha और Dr Shyam Narayan Kushwaha ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करते हुए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक परामर्श दिया.
शिविर के सफल संचालन में कंचन कुमार, HIV काउंसलर आनंद कुमार, मनोज कुमार तथा हीरालाल प्रसाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर
आयोजकों ने बताया कि मजदूरों और समाज के वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संस्था की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता और चिकित्सा शिविरों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके.

