
उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो बाजार में दुकान को लेकर चल रहा पुराना विवाद शुक्रवार की रात हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई इस घटना में जमकर मारपीट और तोड़फोड़ हुई, जिससे बाजार क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों का बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाजार में स्थित एक दुकान को लेकर बिहारी लाल शर्मा और सुनील शर्मा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात यह विवाद अचानक बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और दुकान में भी तोड़फोड़ की गई।
बिहारी लाल शर्मा का आरोप है कि बाजार में स्थित दुकान उनकी है और सुनील शर्मा वहां पहले केयरटेकर के रूप में काम करता था। अब सुनील शर्मा और उसके परिवार के लोग दुकान पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले सुनील शर्मा ने दुकान के सामने ईंटें गिराकर रास्ता भी बंद करा दिया था। शुक्रवार को वह अपने परिवार के साथ आया और उन पर हमला कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष से लक्ष्मी नारायण शर्मा ने अलग आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दुकान उनके नाम पर है और पड़ोसी बिहारी लाल शर्मा रिश्ते में उनके मौसा लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहारी लाल शर्मा ने अपनी दुकान की दीवार तोड़कर उनकी करीब 32 साल पुरानी कपड़े की दुकान में घुसकर लगभग 20 लाख रुपये के कपड़े गायब कर दिए।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

