
उदित वाणी, जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के कुली रोड में सोमवार देर रात बच्चे के नाकाम अपहरण का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
मोहम्मद नौशाद ने जानकारी देते हुए बताया कि देर रात एक स्कूटी पर सवार तीन बदमाश कुली रोड पहुंचे और एक बच्चे को जबरन उठाकर ले जाने लगे। इसी दौरान बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकलने लगे। लोगों की हलचल बढ़ती देख बदमाश घबरा गए और बच्चे को वहीं छोड़कर स्कूटी से फरार हो गए।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में तीनों संदिग्धों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। नौशाद ने इसकी लिखित शिकायत आजादनगर थाना में कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


