
उदित वाणी, वासेपुर : रमजान के पहले जुमे की रात तरावीह के दौरान वासेपुर फिर गूंजा गोलियों की आवाज. अनुराग कश्यप की फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के प्रेरक किरदार फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली खान उर्फ हैदर अंसारी पर दो अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी. गोली लगने से घायल बबली की हालत गंभीर है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे दुर्गापुर रेफर कर दिया गया. पुलिस इसे फहीम खान और प्रिंस खान के बीच पुरानी रंजिश से जुड़े गैंगवार का हिस्सा मान रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब 11 बजे तरावीह के समय आसपास लोग जुटे थे. सामने की दुकान के पास दो संदिग्ध युवक खड़े दिखे. संदेह पर पूछताछ शुरू होते ही बबली और एक युवक के बीच कहासुनी व हाथापाई हो गई. गुस्साए हमलावर ने कमर से पिस्तौल निकालकर बबली पर गोली चला दी. गोली लगते ही भगदड़ मच गई और दोनों आरोपी पैदल कलालीबागान की ओर भाग निकले. घायल को तत्काल असर्फी अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस ने बरामद किया खोखा, सीसीटीवी फुटेज की जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, भूली थाना प्रभारी अभिनव कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध युवक कैद हैं. वासेपुर इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है. आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई. प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है.
फहीम खान और प्रिंस खान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. बता दें, फहीम खान आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं. वहीं, उनका भांजा प्रिंस खान के खिलाफ इंटरपोल ने रेड एंड ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है. उसके खिलाफ रंगदारी, हत्या और अपहरण के 91 मामले दर्ज हैं. पुलिस लगातार उसके गुर्गों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज रही है. प्रिंस दुबई से बैठकर अभी भी अपराध करवा पुलिस को चुनौती दे रहा है.

