
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील जमशेदपुर के नये एचआरबीपी चीफ यशवंत कुमार पांडे अपनी टीम के साथ मंगलवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के कार्यालय पहुंचे. उनके साथ टीम में दिनेश अग्रवाल (हेड, एचआरबीपी, एसेट एंड एनर्जी मैनेजमेंट ) तथा अविक चटर्जी (हेड, एचआरबीपी, ऑपरेशन एंड मैन्युफैक्चरिंग लॉन्ग प्रोडक्ट्स) शामिल थे. यूनियन कार्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी उर्फ टुन्नू चौधरी ने की.
यूनियन अध्यक्ष ने स्वागत किया
सबसे पहले संजीव कुमार चौधरी ने यशवंत कुमार पांडे को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा कुशल-क्षेम पूछा. उन्होंने टाटा स्टील के कालिंगनगर प्लांट के बारे में विस्तृत जानकारी ली, जहां पांडे पूर्व में चीफ, एचआरबीपी के पद पर कार्यरत थे. इसके बाद अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने यूनियन के सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह सहित सभी पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि वे भी श्री पांडे से टाटा स्टील के कार्यकलापों तथा अपने अनुभवों का आदान-प्रदान करें.
टाटा स्टील के ज्वाइंट कन्सलटेशन की तारिफ की
यशवंत कुमार पांडे (चीफ, एचआरबीपी-स्टील ) ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सबसे पहले टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी तथा उनकी पूरी टीम को यूनियन के 105 वर्षों के लंबे इतिहास पूरे होने पर ढेर सारी बधाई दी. उन्होंने टाटा स्टील एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के जॉइंट कंसल्टेशन को एक मिसाल के रूप में प्रस्तुत किया तथा कहा कि इससे उन्हें भी कार्य करने की प्रेरणा मिलती है. इस पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने सबसे पहले 1956 के उन ऐतिहासिक समझौतों को मिल का पत्थर बताया, जो टाटा वर्कर्स यूनियन एवं टाटा स्टील प्रबंधन के बीच हुए थे. उन्होंने उन समझौतों में शामिल यूनियन एवं प्रबंधन के पूर्वजों को विशेष रूप से धन्यवाद दिया. बैठक में टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, संजय कुमार सिंह, संजीव कुमार तिवारी, राजीव कुमार चौधरी, सहायक सचिव नीतेश राज, अजय कुमार चौधरी, श्याम बाबू, कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

