
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के लक्ष्मण नगर काली मंदिर के पास हुई मारपीट और फायरआर्म से हमले की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर हमला किया. घटना के दौरान आरोपियों ने देशी कट्टा के बट से पीड़ित के सिर और शरीर पर वार कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. स्थानीय लोगों की सूचना पर उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुके हैं.
उलीडीह थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में आपराधिक नेटवर्क और हथियारों के स्रोत की भी जांच कर रही है.

