
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में छिनतई की एक घटना सामने आई है. वीणापानी नर्सिंग होम के पास बिरसानगर जोन नंबर-वन बी निवासी राहुल राव के साथ मारपीट कर गले से सोने की चेन छिनने का मामला दर्ज कराया गया है. इस संबंध में कदमा थाना में एक नामजद आरोपी और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पीड़ित राहुल राव के अनुसार, 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे वे वीणापानी नर्सिंग होम के पास से गुजर रहे थे. उसी दौरान श्रवण उर्फ बोधी अपने 7-8 साथियों के साथ वहां पहुंचा और उन्हें घेर लिया. आरोप है कि सभी ने मिलकर पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान आरोपियों ने राहुल राव के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद पीड़ित ने कदमा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.

