
उदित वाणी, जमशेदपुर : एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में 48वीं वार्षिक बैठक एवं तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलन कर किया.
“एनवायरनमेंटल म्यूटाजेनेसिस एंड एपिजेनोमिक्स इन रिलेशन टू ह्यूमन हेल्थ” विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में देश-विदेश से वैज्ञानिक, शोधकर्ता और शिक्षाविद भाग ले रहे हैं. पारंपरिक स्वागत के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया गया.

राज्यपाल ने संबोधन में कहा कि पर्यावरणीय बदलाव और मानव स्वास्थ्य के बीच संबंधों पर गंभीर शोध जरूरी है. उन्होंने जोर देकर कहा, “बढ़ते प्रदूषण, औद्योगिक विस्तार और बदलती जीवनशैली का प्रभाव स्वास्थ्य पर स्पष्ट है. वैज्ञानिक अनुसंधान समाज को सुरक्षित भविष्य दे सकते हैं.” उन्होंने शोधकर्ताओं से अपील की कि शोध को प्रयोगशालाओं तक सीमित न रखें, बल्कि समाज के हित में उपयोगी बनाएं. झारखंड जैसे औद्योगिक राज्य में पर्यावरण-स्वास्थ्य संतुलन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई.
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने पर्यावरणीय म्यूटाजेनेसिस और एपिजेनोमिक्स पर विचार-विमर्श किया. तीन दिनों तक तकनीकी सत्र, शोध पत्र प्रस्तुतियां और पैनल चर्चाएं आयोजित होंगी.

