
उदित वाणी, आदित्यपुर : झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन (Jharkhand Boxing Association) के तत्वावधान में सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एम टाइप दुर्गा पूजा मैदान में 18वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आज से शानदार आगाज हो गया है. तीन दिनों तक चलने वाले मुक्केबाजी के इस महाकुंभ में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए राज्य के 22 अलग-अलग जिलों से कुल 165 प्रतिभावान बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. इस स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप के दौरान होने वाले सभी मैचों के निष्पक्ष और सुचारू संचालन के लिए मैदान पर 16 अनुभवी रेफरी मुस्तैद किए गए हैं. प्रतियोगिता के पहले ही दिन रिंग में उतरते ही युवा बॉक्सरों ने अपनी फुर्ती और शानदार मुक्केबाजी का जौहर दिखाना शुरू कर दिया है.
‘गिरकर तुरंत उठना ही बॉक्सिंग की असली सीख’
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के भव्य उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (Tata Steel UISL) के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने रिंग में उतरने वाले नन्हे मुक्केबाजों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि, “बॉक्सिंग एक ऐसा खेल है, जिसे हर कोई नहीं अपना सकता. इसमें सिर्फ खेलने की इच्छा ही काफी नहीं होती, बल्कि क्षमता और खुद पर अटूट विश्वास की भी जरूरत होती है.”
प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर ने आगे खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा, “मैच के दौरान खिलाड़ी गिर सकते हैं या नॉकआउट हो सकते हैं, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि वे कितनी जल्दी उठकर खड़े होते हैं. रेफरी का काउंट खिलाड़ी को यह प्रोत्साहन देता है कि वह कितनी फुर्ती से वापस लड़ सकता है. हार-जीत इस खेल का हिस्सा है, लेकिन हर बार एक नए विश्वास के साथ उठना और पूरी मजबूती से खेलना ही इस खेल की असल भावना है.”
गरिमामयी उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
इस विशेष अवसर पर आयोजन कमिटी के सचिव सह नगर निगम के उप महापौर अंकुर सिंह, झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव आनंद बिहारी दुबे, सरायकेला-खरसावां डिस्ट्रिक्ट बॉक्सिंग एसोसिएशन (Saraikela-Kharsawan District Boxing Association) के अध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा, सचिव राजीव वर्मा ‘कुकू’, मनोज कुमार सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने युवा खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की.

