
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के सोमाय झोपड़ी में रहने वाली विवाहिता इंदुमति लोहार को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है. पीड़िता इंदुमति लोहार ने बागबेड़ा थाने में लिखित शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने उसके पति प्रसाद लोहार, ससुर महावीर लोहार, किसनो लोहार और मालो लोहार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
इंदुमति का विवाह 17 नवंबर 2017 को प्रसाद लोहार से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुरालवालों द्वारा कम दहेज लाने को लेकर उसे ताने दिए जा रहे थे.इंदुमति ने बताया कि धीरे-धीरे यह मानसिक प्रताड़ना शारीरिक हिंसा में बदल गई. हाल ही में उसे बुरी तरह पीटकर घर से निकाल दिया गया.इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इधर दूसरी घटना में सिद्धू मैदान की रहने वाली वंदना भारती ने पुलिस को जानकारी दी है कि मोहल्ले के ही हरिनाथ गोस्वामी, प्रभावती देवी और रूबी देवी उसके साथ मारपीट कर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं. वंदना ने बताया कि उसे अक्सर धमकियां दी जाती हैं और उसके घर के बाहर गाली-गलौज कर माहौल खराब किया जाता है.
पुलिस ने इस मामले में भी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में त्वरित जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

