उदित वाणी, धनबाद: कोयलांचल भारत कोकिंग कोल नृत्य, संगीत एवं नाट्य संघ के तत्वावधान में 19 जुलाई को सामुदायिक केंद्र CCWO, धनबाद में 9वीं अखिल भारतीय नृत्य प्रतियोगिता ‘काला हीरा’ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में देशभर के 10 राज्यों से कुल 190 कलाकारों ने भाग लिया। कलाकारों ने एकल एवं सामूहिक शास्त्रीय, उपशास्त्रीय और लोकनृत्य विधाओं में अपनी प्रस्तुतियां दीं।
सामूहिक लोकनृत्य प्रतियोगिता में जमशेदपुर के टेल्को स्थित विवेक विद्यालय, छोटा गोविंदपुर की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्राओं ने “पोलाश तुलीर माथे…” पर आधारित बांग्ला लोकनृत्य की मोहक प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी इस भावपूर्ण प्रस्तुति को भरपूर सराहना और तालियां मिलीं।
इस नृत्य की कोरियोग्राफी कोलकाता की शास्त्रीय नृत्य विशेषज्ञ मौमिता चक्रवर्ती ने की थी। आयोजन समिति द्वारा उन्हें शास्त्रीय नृत्य क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए ‘गुरु सम्मान’ से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में स्कूल के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गायत्री सिंह को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


