
उदित वाणी, रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार इस बार ऐतिहासिक मोराहाबादी मैदान में झंडा फहरायेंगे. वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन में शाम को होनेवाले एट होम कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा. राजभवन द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उक्त जानकारी दी गई है. बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा राज्यपाल संतोष गंगवार को स्वतंत्रता दिवस-2025 के अवसर पर मोरहाबादी में ध्वजारोहण करने के लिए प्रस्ताव दिया गया था.
जिस पर उन्होंने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है. जिसके तहत इस बर्ष मोरहाबादी मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के राजकीय समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ध्वजारोहण करेंगे. ज्ञात हो कि परंपरा के अनुसार प्रत्येक बर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल उप राजधानी दुमका में तथा मुख्यमंत्री द्वारा मोरहाबादी में ध्वजारोहण किया जाता रहा है. जबकि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल द्वारा मोराहाबादी मैदान में और मुख्यमंत्री द्वारा उपराजधानी दुमका में झंडा फहराया जाता रहा है.
उसके पश्चात दोनों अवसरों पर राज्यपाल द्वारा शाम को राजभवन में ऐट होम कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तथा ऐट होम कार्यक्रम के दौरान राजभवन परिसर में बड़े गर्व के साथ मनमोहक बैंड डिस्पले किया जाता है. लेकिन इस बार गुरूजी के निधन व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा अपने पिता के श्राध्दकर्म में व्यस्त रहने की वजह से ऐट होम कार्यक्रम को रद्य कर दिया गया है.
