
उदित वाणी,झारखंड: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), जमशेदपुर ने अपने प्रतिष्ठित मास्टर ऑफ डिज़ाइन (M.Des) कार्यक्रम के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। संस्थान के डिज़ाइन एंड इनोवेशन सेंटर (DIC) द्वारा संचालित इस कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया मई 2026 के प्रथम सप्ताह से शुरू होगी।
हाइब्रिड मॉडल और IIT बॉम्बे के साथ शैक्षणिक तालमेल
इस बार M.Des कार्यक्रम को अधिक लचीला और आधुनिक बनाया गया है। इसे ऑफलाइन और हाइब्रिड (ब्लेंडेड) दोनों मोड में संचालित किया जाएगा, ताकि छात्रों के साथ-साथ कामकाजी पेशेवर (Working Professionals) भी इसमें भाग ले सकें। विशेष बात यह है कि IIT बॉम्बे के साथ हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत अब इसमें राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा CEED के माध्यम से भी प्रवेश मिल सकेगा।
प्रवेश पात्रता और चयन प्रक्रिया
शैक्षणिक योग्यता: इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर, डिज़ाइन, कला या विज्ञान विषयों में स्नातक (Bachelor) या स्नातकोत्तर (Master) डिग्री धारक इसके लिए पात्र हैं।
वरीयता: वैध CEED, GATE या NET स्कोर वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
छूट: CEED उत्तीर्ण छात्रों को संस्थान की आंतरिक प्रवेश परीक्षा (IAT) नहीं देनी होगी; उन्हें सीधे पोर्टफोलियो मूल्यांकन और साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
छात्रवृत्ति: भारत सरकार के नियमों के अनुसार पात्र छात्रों (विशेषकर CEED/GATE/NET क्वालिफाइड) को स्टाइपेंड (वृति) भी प्रदान किया जाएगा।
पाठ्यक्रम की विशेषताएं: प्रोडक्ट डिज़ाइन पर फोकस
दो वर्षीय M.Des (प्रोडक्ट डिज़ाइन) प्रोग्राम में कुल 20 सीटें निर्धारित हैं। इस कोर्स का मुख्य उद्देश्य उपयोगकर्ता-केंद्रित डिज़ाइन, एर्गोनॉमिक्स और रचनात्मकता को इंजीनियरिंग के साथ जोड़ना है।
“यह कार्यक्रम नवाचार और डिज़ाइन उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। हमें विश्वास है कि यह विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा।” प्रो. गौतम सूत्रधार, निदेशक, NIT जमशेदपुर
नेतृत्व और मार्गदर्शन
इस कार्यक्रम का संचालन संस्थान के उप-निदेशक प्रो. आर. वी. शर्मा (चेयरमैन) और डॉ. अशोक कुमार मोंडल (समन्वयक) के कुशल मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

