
उदित वाणी, जमशेदपुर: सावन माह के पावन अवसर पर साईं परिवार विश्व सेवा संस्थान, जमशेदपुर के तत्वावधान में श्री साईंनाथ देवस्थानम, घोड़ाबांधा (टेल्को) में श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन एकल एवं सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से संध्या 6 बजे तक किया जा रहा है।
स्फटिक शिवलिंग पर हो रहे रुद्राभिषेक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ भाग ले रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संस्थान की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे पूजा में आने वाले भक्तजन बिना किसी असुविधा के सहभागी बन सकें।

संस्थान के प्रधान पुरोहित आचार्य नंदलाल मिश्रा ने बताया कि स्फटिक का शिवलिंग पूजा के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। उन्होंने कहा, “स्फटिक शिवलिंग घर में सुख-समृद्धि बनाए रखता है और नकारात्मक प्रभावों से बचाता है। सावन माह में स्फटिक शिवलिंग पर रुद्राभिषेक करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।”
सावन के इस आध्यात्मिक माहौल में श्री साईंनाथ देवस्थानम में भक्ति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना हुआ है। संस्थान के अध्यक्ष अनुप रंजन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय पर पहुंचकर रुद्राभिषेक का लाभ उठाएं और सावन माह की पावन ऊर्जा से स्वयं को लाभान्वित करें।

