
उदित वाणी, आदित्यपुर: केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा कमिटी की बैठक आज शाम एम-09, आदित्यपुर-01 में संपन्न हुई, जिसमें आगामी रामनवमी महोत्सव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए कमिटी के संरक्षक सह पूर्व विधायक अरविन्द कुमार सिंह ने कहा कि केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति द्वारा फुटबॉल मैदान में आयोजित किए जाने वाले मुख्य कार्यक्रम में जिला प्रशासन के सहयोग से व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर लगाए जाएंगे, विभिन्न अखाड़ों द्वारा अतिथियों का सम्मान किया जाएगा तथा खेल-करतब प्रदर्शन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस बार कार्यक्रम को और अधिक भव्य बनाने की विशेष तैयारी की जा रही है।
डीजे प्रतिबंध के निर्णय का स्वागत
अरविन्द कुमार सिंह ने झारखंड सरकार द्वारा रामनवमी विसर्जन जुलूस में डीजे पर लगाए गए प्रतिबंध की सराहना करते हुए इसे स्वागतयोग्य कदम बताया। उन्होंने कहा कि तेज आवाज में डीजे बजने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से सरकार के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बैठक में कमिटी के अध्यक्ष देवांग चन्द्र मुखी, उपाध्यक्ष भगवान सिंह, महासचिव श्रीराम ठाकुर, बीरेंद्र सिंह, ज्ञानेन्द्र कुमार मुन्ना सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

