
उदित वाणी, पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के रंकिणी मंदिर के समीप रोहिणीबेरा जंगल में सोमवार दोपहर एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद किया गया है. मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुभाष कुमार, पिता केदार ठाकुर, निवासी ग्राम फुलांग, थाना मयुरहंट, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में की गई है.
हत्या की आशंका, जंगल में फेंका गया शव
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर दोपहर करीब दो बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. शव की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि सुभाष की हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है. मुसाबनी अंचल के डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि फिलहाल हत्या का मामला मानते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
एक दिन पहले ही दर्ज हुई थी गुमशुदगी
जानकारी के अनुसार, सुभाष कुमार की गुमशुदगी की प्राथमिकी उसके परिजनों ने रविवार को पोटका थाना में दर्ज कराई थी. उसी प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू की थी. सोमवार को शव मिलने के बाद मामला गंभीर रूप ले चुका है.

