उदित वाणी, जमशेदपुर: विश्व हाइपरटेंशन डे के अवसर पर रोटी बैंक, जीवन ज्योति एवं रेलवे एम्प्लोयी वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विशेष रूप से मानगो के शंकोसाईं क्षेत्र में लोगों को उच्च रक्तचाप और डायबिटीज के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई।
मानगो शंकोसाईं में आयोजित शिविर में रोटी बैंक एवं जीवन ज्योति की टीम ने लोगों का ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में लोगों को बताया गया कि अनियमित दिनचर्या, तनाव, जंक फूड और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण हाई ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ रहा है।
जीवन ज्योति के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि उच्च रक्तचाप एक “साइलेंट किलर” है, जिसके शुरुआती लक्षण आसानी से दिखाई नहीं देते। समय पर जांच और सावधानी नहीं बरतने पर यह हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की अपील की।
रोटी बैंक के चेयरमैन मनोज मिश्रा ने कहा कि मानगो क्षेत्र में तेजी से बदलती जीवनशैली के बीच लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल जांच करना नहीं, बल्कि लोगों को समय रहते सचेत करना है ताकि वे गंभीर बीमारियों से बच सकें। शिविर में उपस्थित लोगों को कम नमक वाला संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनावमुक्त जीवन अपनाने की सलाह दी गई। वहीं टाटानगर स्टेशन और बर्मामाइंस क्षेत्र में भी अभियान चलाकर सैकड़ों लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
कार्यक्रम में मनोज मिश्रा, डॉ. अरुण कुमार, महेश चौबे, आरबी सहाय, एस.पी. विश्वास, एके शाही सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


