
उदित वाणी, जमशेदपुर: चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटी कुरली गांव में बुधवार की दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में 57 वर्षीय महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव की ही रहने वाली तारिणी महतो के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारिणी महतो रोज की तरह बुधवार को भी दोपहर में गांव के तालाब में स्नान करने गई थीं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, स्नान के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहराई में चली गईं। जब देर तक वह पानी से बाहर नहीं निकलीं, तो आस-पास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में खोजबीन शुरू की और कुछ ही देर में महिला को पानी से बाहर निकाला गया।
इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तारिणी महतो को गंभीर अवस्था में एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि तारिणी महतो मेहनतकश महिला थीं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। वह चार बच्चों की मां थीं और परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही थीं। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
चौका थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके और बच्चों की पढ़ाई जारी रह सके।
