
उदित वाणी, रांची: आजसू पार्टी द्वारा राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्र में जन पंचायत लगाकर राज्य के ज्वलंत बिषयों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा.
इसके अलावा पार्टी द्वारा 20 नवंबर को श्रमिक संघ का राज्यस्तरीय अधिवेशन बेरमो में तथा 4 दिसंबर को कोनार डैम मांडू में महिला संघ का राज्यस्तरीय अधिवेशन आयोजित किया जायेगा। इसके साथ ही शनिवार को आयोजित केन्द्रीय समिति की बैठक में पार्टी का आगामी केन्द्रीय महाधिवेशन 3, 4 एवं 5 मार्च 2023 को आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया.
बैठक को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने कहा कि वर्तमान में झूठ की बुनियाद पर खड़ा संगठन राज्य का नेतृत्व कर रहा है.
इस संगठन का अस्सी के दशक से शुरु हुआ झूठ, लूट व भ्रम का मायाजाल आज भी कायम है. वर्तमान सरकार द्वारा झारखंडी जनता का राजनीतिक शिकार किया जा रहा है. इस संगठन ने पहले झारखंड आंदोलन को लटकाने व भटकाने का काम किया और अब खतियान तथा आरक्षण जैसे गंभीर एवं संवेदनशील विषय को भी लटका दिया है.
जनता को इनकी कुटिल राजनीति को समझना होगा. सत्तारूढ़ इस संगठन पर राजनीतिक अस्तित्व का संकट आया, तो इस सरकार में बैठे लोग अपनी राजनीतिक शहादत के मौके ढूंढ रहा है और मुद्यों का सहारा लेकर अपनी नाकामियों को छिपा रहा है.
पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट का अवमानना करते हुए नगर निकाय चुनाव में भी पिछड़ों की हकमारी कर रही है. सरकार अपनी नाकामियों और अपनी काली करतूतों को छिपाने के लिए दिन रात नए-नए हथकंडे अपना रही है. बैठक में प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस व केंद्रीय महासचिव डा लंबोदर महतो समेत अन्य सभी पदाधिकारी मौजूद थे.

