उदित वाणी, जमशेदपुर : 18 माह के इंतजार के बाद आखिरकार टाटा स्टील का ग्रेड समझौता बुधवार 24 जून को होने जा रहा है. कंपनी के सूत्र बताते हैं कि समझौते को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो गई है. समझौते में पुराने ग्रेड के कर्मचारियों के एमजीबी (मिनमम गारंटेड बेनेफिट्स) में 10 फीसदी की बढ़ोतरी होगी. यही नहीं ग्रेड की मियाद सात साल की होगी और डीए पर प्वाइंट में कोई इजाफा नहीं होगा.
एमजीबी 10 फीसदी
ओल्ड ग्रेड के कर्मचारियों के एमजीबी 10 प्रतिशत बढ़ेगी. पिछले समझौते में यह 12 प्रतिशत था. पुराने ग्रेड कर्मचारियों को बेसिक + डीए के आधार पर 8,000 से 20,000 रुपये तक मासिक बढ़ोतरी होगी. नए ग्रेड (एनएस) कर्मचारियों के लिए वेतन में 30-35 प्रतिशत की बढ़ोतरी के करीब होगी. (पिछली बार 20-25 प्रतिशत थी). बेसिक + डीए 30,000 से 50,000 रुपये वाले नए कर्मचारियों को 9,000 से 17,000 रुपये तक मासिक फायदा हो सकता है.
कुल मिलाकर पुराने कर्मचारियों को 20,000 रुपये तक और नए कर्मचारियों को 17,000 रुपये तक की मासिक बढ़ोतरी होगी. पुराने और नए ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन वृद्धि में काफी हद तक समरूपता रखने की कोशिश की जा रही है. मैनपावर में नये ग्रेड के कर्मचारियों की संख्या दो तिहाई होने के बाद प्रबंधन की कोशिश है कि नये और पुराने ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी में समरूपता हो.
एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों ने अध्यक्ष को घेरा
उधर, सोमवार को एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों ने यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के आवास और यूनियन कार्यालय में घेराव कर बेहतर ग्रेड के लिए दबाव बनाया. यही नहीं एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों ने प्लांट में हस्ताक्षर अभियान चलाकर सामूहिक इस्तीफा देने की भी धमकी दी. शाम साढ़े पांच बजे एनएस ग्रेड लगभग 45 कमेटी मेंबर यूनियन ऑफिस पहुंच गए. वे धरना प्रदर्शन पर बैठ गए. यूनियन कार्यालय में मौजूद पदाधिकारियों के डेलिगेटेड पावर पर सवाल उठाया.
लेकिन जब उन्हें यूनियन संविधान का पाठ पढ़ाया गया तो सभी कमेटी मेंबर्स शांत हो गये. शाम सात बजे के करीब अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी पहुंचे औरह उन्होंने बात की. अध्यक्ष ने कमेटी मेंबरों को साफ कर दिया कि वे अपनी हद में रहकर बात रखें, कोई ऐसा काम नहीं करें, जो उनके लिए परेशानी का सबब बने. मीडिया में हस्ताक्षर अभियान की चल रही कॉपी पर भी शीर्ष यूनियन पदाधिकारियों ने ऐतराज जताया और कहा कि कोई भी संविधान सम्मत करें.


