
उदित वाणी,जमशेदपुर : शहर के व्यस्त स्टेशन रोड पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में जा घुसी। यह घटना रात करीब 11:30 बजे संकट पेट्रोल पंप के पास हुई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार में जा रही बोलेरो का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सीधे नाली में उतर गई। हालांकि गनीमत रही कि इस दुर्घटना में चालक सहित वाहन में सवार किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और वाहन को नाली से निकालने की कोशिश शुरू की। कुछ देर तक वहां लोगों की भीड़ जुटी रही, जिससे यातायात भी आंशिक रूप से प्रभावित हुआ।
लोगों का कहना है कि स्टेशन रोड पर रात के समय तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। स्थानीय प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर सख्ती बढ़ाने की मांग की जा रही है।

