
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावाँ : सरायकेला-खरसावाँ जिले में प्रशासन द्वारा अवैध गतिविधियों की रोकथाम और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लगातार प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 10 जून, 2026 की देर रात खनन विभाग एवं कपाली ओ.पी. की संयुक्त टीम ने पुडिसिली चौक क्षेत्र में वाहन जांच अभियान का संचालन किया।
जांच के दौरान बालू से भरे टेलर वाहन (संख्या JH01FQ5184) से संबंधित आवश्यक तथा वैध कागजातों की मांग की गई। वाहन चालक द्वारा उपयुक्त दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण उक्त वाहन को नियमानुसार जब्त कर कपाली ओ.पी. में सुरक्षित रखा गया है। प्रकरण में अगली कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। जिले में अवैध परिवहन और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा सतत प्रवर्तन अभियान जारी है।
उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश पर, 10 जून, 2026 की रात उत्पाद विभाग एवं कपाली ओ.पी. की संयुक्त टीम ने कपाली क्षेत्र के पुडिसिली चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, राजस्व सुरक्षा और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में नियमित वाहन जांच और प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में कड़ी नजर रखने और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि अवैध परिवहन तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर भविष्य में भी कठोर कदम उठाए जाएंगे और नियमों के उल्लंघन पर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
